बृहस्पतिवार, 12 नवम्बर 2009


अमरीकी राजदूत ने कहा, मत भेजो और सैनिक

अफ़ग़ानिस्तान में सैनिक (फाइल)
अफ़ग़ानिस्तान में अमरीका की भविष्य की रणनीति पर विचार विमर्श करने के लिए अमरीकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने अपने राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकारों के साथ बैठक की है.
बुधवार को क़रीब ढाई घंटे तक चली इस बैठक में इस बात पर विचार किया गया कि अमरीका अफ़ग़ानिस्तान में जारी संघर्ष से निपटने के लिए आगे क्या क़दम उठाए.
इस रणनीति का एक अहम पहलू यह है कि क्या अमरीका अफ़ग़ानिस्तान की ज़मीन पर जारी चरमपंथ विरोधी अभियान को मज़बूत और प्रभावी बनाने के लिए वहाँ हज़ारों की तादाद में अतिरिक्त अमरीकी सैनिक भेजने के विकल्प पर विचार करे.
उधर अफ़ग़ानिस्तान में अमरीकी राजदूत ने व्हाइट हाउस को लिखे एक पत्र में इस बात पर विरोध जताया है कि अफ़ग़ानिस्तान में और अमरीकी सैनिक भेजे जाएं.
राजदूत कार्ल एकेनबेरी अफ़ग़ानिस्तान में अमरीकी सेना कमांडर भी रह चुके हैं. उन्होंने अपने पत्र में करज़ई सरकार की क्षमताओं और भ्रष्टाचार से निपटने के प्रयासों के प्रति अपनी शंकाएं व्यक्त की हैं.
इस पत्र का लीक होना और इन बातों का उजागर होना ऐसे समय में हो रहा है जब अमरीकी राष्ट्रपति अफ़ग़ानिस्तान में संघर्ष की रणनीति पर विचार-विमर्श कर रहे हैं.
अमरीकी राष्ट्रपति ओबामा इस मुद्दे पर अभी अंतिम राय नहीं बना सके हैं और इस बारे में अभी कोई अंतिम निर्णय नहीं लिया जा सका है.
बैठक में इस बात पर भी विचार किया गया कि अफ़ग़ानिस्तान में एक लंबा और कठिन अभियान चला रहे अमरीका के सामने क्या विकल्प मौजूद हैं.

करज़ई पर दबाव

अमरीकी राष्ट्रपति बराक ओबामा
बीबीसी संवाददाता को मिली जानकारी के मुताबिक़ अमरीकी राष्ट्रपति ने कहा है कि अफ़ग़ानिस्तान के मुद्दे पर सारी ज़िम्मेदारी केवल अमरीका की नहीं है बल्कि वहाँ की सरकार को भी प्रभावी ढंग से काम करने की ज़रूरत है.
उन्होंने कहा कि काबुल को चाहिए कि और अधिक प्रतिबद्धता के साथ प्रशासनिक कामकाज हो और भ्रष्टाचार से निपटने के लिए ठोस क़दम उठाए जाएं.
बराक ओबामा की इन बातों का सीधा मतलब यह है कि अफ़ग़ानिस्तान की करज़ई सरकार पर अब अच्छा प्रदर्शन करने के लिए दबाव और बढ़ता नज़र आ रहा है.
उनके बयान का एक संकेत यह भी है कि बैठक के दौरान अफ़ग़ानिस्तान में अतिरिक्त सैनिक भेजने के सवाल पर भी बातचीत हुई.
बताया जा रहा है कि विभिन्न स्तरों पर सैनिकों को शामिल करने और आगे की रणनीति को लेकर कई तथ्य बराक ओबामा के समक्ष पेश किए गए हैं.
एक अधिकारी ने बताया कि बराक ओबामा अफ़ग़ानिस्तान पर भावी अमरीकी रणनीति को लेकर किसी अंतिम नतीजे पर फ़िलहाल नहीं पहुँचे हैं.
ओबामा अगले कुछ दिनों में एशिया की यात्रा पर निकलने वाले हैं. ऐसे में उनकी ओर से किसी अहम घोषणा की संभावना कम से कम अगले एक सप्ताह तक नहीं है.

0 टिप्पणियाँ: