श्रीलंका के जनरल से अमरीका की पूछताछ

जनरल फ़ॉन्सेका सरकारी और निजी दोनों काम से अमरीका में हैं
श्रीलंका सरकार के सूत्रों का कहना है कि अमरीकी सरकार श्रीलंका के सेना प्रमुख सरत फ़ॉन्सेका से सेना के कथित युद्धापराधों के बारे में पूछताछ करना चाहती है.
ये युद्धापराध इस साल के शुरु में देश के पूर्वोत्तर में तमिल विद्रोहियों के साथ चल रही लड़ाई के दौरान किए गए.
दस दिन पहले अमरीका के विदेश विभाग ने एक रिपोर्ट प्रकाशित की थी जिसमें तमिल विद्रोहियों और सेना के बीच हुई लड़ाई के अंतिम चरणों में दोनों पक्षों की ओर से किए गए युद्धापराधों के विश्वसनीय प्रमाण दिए गए थे.
अब अमरीकी सरकार श्रीलंका सेना प्रमुख से इस बारे में पूछताछ कर सकती है.
पूछताछ
श्रीलंका सरकार के एक वरिष्ठ सूत्र ने बीबीसी को बताया कि अमरीका का गृह सुरक्षा विभाग इन आरोपों के संबंध में बुधवार को जनरल सरत फ़ॉन्सेका के साथ पूछताछ करना चाहता है और ये भी चाहता है कि वो श्रीलंका के शक्तिशाली प्रतिरक्षा मंत्री गोटभाया राजपक्षे के ख़िलाफ़ गवाही दें.
जनरल फ़ॉन्सेका इस समय कुछ सरकारी काम और कुछ निजी काम से अमरीका में हैं.
सरकारी सूत्र ने बताया कि श्रीलंका सरकार ने इस पूछताछ के आग्रह पर आपत्ति उठाई है. लेकिन कोलंबो स्थित अमरीकी दूतावास ने इस पर किसी प्रकार की टिप्पणी करने से इनकार कर दिया.
अमरीका के विदेश विभाग की रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से कहा गया था कि श्रीलंका की सेना ने आम नागरिकों के लिए बनाए गए सुरक्षित क्षेत्रों पर बम्बारी की और साथ ही उन विद्रोहियों को मारा जो आत्मसमर्पण करना चाहते थे.
इस रिपोर्ट में ये भी कहा गया है कि तमिल विद्रोहियों ने बच्चों की भर्ती की और विस्थापित तमिलों को युद्धक्षेत्र से पलायन नहीं करने दिया.
श्रीलंका की सरकार ने इन आरोपों का खंडन किया था लेकिन साथ ही ये भी कहा कि वह मामले की जांच के लिए एक समिति का गठन करेगी
0 टिप्पणियाँ:
एक टिप्पणी भेजें